थाना टोड़ीफतेहपुर इलाके में रविवार की सुबह लगभग 3 बजे एक खपरैल कच्चा मकान का छप्पर अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। जिसमें सो रहे पति-पत्नी सहित दो मासूम दबकर घायल हो गए हैं।
पिछले दिनों हुई भारी बारिश अब थम चुकी है, लेकिन उसके दुष्प्रभाव अब भी सामने आ रहे हैं। ग्राम सेमरी कछियान निवासी सोनू कुशवाहा (30) अपनी पत्नी धनमंत्री देवी, बेटी पायल (5) और बेटे आर्यन (3) के साथ मकान में सो रहे थे। तभी अचानक कच्चे मकान का छप्पर गिर गया और वह लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घायलों को ग्रामीणों की मदद से पास में ही डॉक्टर के पास ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया गया। घटना से परिवार सहमा हुआ है। गांव में भी चिंता का माहौल है। सूचना मिलते ही लेखपाल विजय बाबू ने मौके पर जाकर निरीक्षण करते हुए पीड़ित परिवार को शासन से आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है।