राज्य कर विभाग की जांच में एक ही मोबाइल पर 16 फर्माें के पंजीकरण का खुलासा हुआ है। सभी फर्म अलग-अलग नाम से संचालित हैं। कुछ फर्मों में ई-मेल भी एक समान पाई गई है। अपर आयुक्त ने कार्रवाई के लिए राज्य कर आयुक्त को पत्र लिखा है। इन फर्माें द्वारा करोड़ों रुपये टैक्स चोरी किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है।
राज्य कर विभाग की ओर से इन दिनों संदिग्ध फर्माें की जांच की जा रही है। झांसी में सेंट्रल जीएसटी के अधीन पंजीकृत केसी इंटरप्राइजेज की जांच की तो यह फर्म फर्जी पाई गई, साथ ही इसमें अंकित मोबाइल नंबर 9717976438 का उपयोग 15 अन्य फर्माें के पंजीयन में किया गया। इनमें झांसी के अलावा अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर में पंजीकृत फर्में प्रकाश में आई हैं। इनकी गहराई से जांच के लिए अपर आयुक्त ग्रेड-1 डीके सचान ने राज्य कर आयुक्त को पत्र लिखा है। कई फर्में संचालित हैं तो कई निलंबित हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन फर्माें की ओर से क्या कुछ कार्य किया गया और किस तरह से सरकार को टैक्स चोरी कर नुकसान पहुंचाया गया।
जांच की जद में हैं ये फर्में
अयोध्या की आर के ट्रेडर्स, एसआर इंटरप्राइजेज, जेवी इंटरप्राइजेज, केएन इंटरप्राइजेज। वाराणसी की जीएस इंटरप्राइजेज, आरके इंटरप्राइजेज। प्रयागराज की एके ट्रेडर्स कानपुर देवकर इंटरप्राइजेज, सेनिको इंटरप्राइजेज, श्री इंटरप्राइजेज, केडी इंडस्ट्रीज, एसके इंटरप्राइजेज, केवी इंटरप्राइजेज, अन्य प्रांत केके ट्रेडर्स, केडी ट्रेडर्स, एमआर ट्रेडर्स हैं।
10 करोड़ की टैक्स चोरी में 10 फर्माें पर कराई गई एफआईआर
झांसी में अब तक हुई जांच में 17 फर्जी फर्में पकड़ी गई हैं। इनमें कुछ टैक्स क्लेम नहीं कर सकीं लेकिन 10 से अधिक फर्में ऐसी रहीं, जिन्होंने फर्जी तरीके से आईटीसी प्राप्त कर सरकार को 10 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया। बांदा की राहू इंटरप्राइजेज ने 1.41 करोड़, झांसी की डीके इंटरप्राइजेज ने 1.33 करोड़, महोबा की ऊर्जा पेट्रोकेम में 1.52 करोड़, बांदा की कामतानाथ इंटरप्राइजेज ने 79.72 लाख, झांसी की काजल इंटरप्राइजेज ने 72 लाख, हमीरपुर की पराटे इंटरप्राइजेज ने 5.69 करोड़, हमीरपुर की शिंदे इंटरप्राइजेज ने 2.90 करोड़, बांदा की एनआर इंटरप्राइजेज ने 33.74 लाख व एके इंटरप्राइजेज ने 48.97 लाख रुपये की चपत लगाई। सभी के खिलाफ राज्य कर विभाग ने एफआईआर दर्ज कराई है।
जांच जारी, कई और हो सकते हैं खुलासे
राज्य कर विभाग की ओर से संदिग्ध फर्माें की जांच की जा रही है। बुंदेलखंड जोन में पंजीकृत 71 हजार फर्माें में 25 हजार की हुई जांच में अब तक 17 फर्जी फर्में पकड़ी जा चुकी हैं। इनकी जांच अभी जारी है। फर्जी फर्माें का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
झांसी राज्य कर विभाग अपर आयुक्त ग्रेड-1 डीके सचान ने बताय कि संदिग्ध फर्माें की जांच की जा रही है। जांच में अब तक कई फर्जी फर्म पकड़ी जा चुकी हैं। 16 ऐसी फर्माें का खुलासा हुआ है जो एक ही मोबाइल नंबर से पंजीकृत कराई गईं। कार्रवाई के लिए राज्य कर आयुक्त से पत्राचार किया गया है।