रेलवे स्टेशन रानीपुर रोड ट्रेन से उतरकर अपने गांव जा रहे सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी ट्रेन की चपेट में आ जाने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा लाइन पार करते समय हुआ है। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
ग्राम गुढा़ निवासी 70 वर्षीय विश्वनाथ अहिरवार रेलवे में कर्मचारी था। सेवानिवृत होने के बाद वह अपने गांव में रहने लगा। उसका एक अन्य निवास मऊरानीपुर में है। शुक्रवार को वह अपने गांव से मऊरानीपुर वाले निवास पर रह रहे नातियों को कुछ सामान देने गया था। सामान देकर वह मऊरानीपुर से प्रयागराज-ग्वालियर ट्रेन से लौटा और गांव जाने के लिए रेलवे ट्रैक से लाइन पार करने लगा। इसी बीच दूसरी पटरी झांसी की ओर से उदयपुर इंटरसिटी आ गई। जिसकी चपेट में वह आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। लोगों ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। सूचना पाकर रेलवे पुलिस भी मौके पर आ गई। शव का पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है तो वहीं गांव में शोक की लहर है।