उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक मूलचंद्र चौहान ने शनिवार को यहां कहा कि झांसी-कानपुर डबल ट्रैक के 21 किलोमीटर हिस्से (झांसी से पारीछा तक ट्रैक) को अगले महीने चालू करा दिया जाएगा। इसके बाद इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों की गति बढ़ जाएगी।
भीमसेन-झांसी रेलखंड का निरीक्षण करने के बाद महाप्रबंधक चौहान ने पत्रकारों को बताया कि झांसी होकर हर रोज कोयले से भरी मालगाड़ियां पारीछा थर्मल पावर हाउस जाती हैं। अभी सिंगल लाइन होने से मालगाड़ियों को निकालते समय अन्य ट्रेनों को रास्ते के स्टेशनों पर रोकना पड़ता है। पारीछा तक डबल ट्रैक शुरू होने पर अन्य ट्रेनों का संचालन तेज हो जाएगा। वे अपने समय पर निकल सकेंगी। हालांकि, कानपुर तक डबल ट्रैक का काम कब पूरा हो सकेगा? इसको वह साफ नहीं कर सके। वहीं, पुखरायां रेल हादसे के बाद झांसी-कानपुर ट्रैक की पटरियों पर उठ रहे सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बजट में झांसी-कानपुर के बीच अलग-अलग सेक्शनों में 60 किलोमीटर पटरी बदलने के लिए धनराशि का प्रावधान किया गया है। इसमें अकेले चौरा, पुखरायां, मलासा, लालपुर और पामा के बीच 36 किलोमीटर पटरी बदली जाएगी। यह काम भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस मौके पर डीआरएम एके मिश्रा व अन्य अफसर मौजूद थे। गौरतलब है कि झांसी-कानपुर डबल ट्रैक का काम दो साल पहले शुरू हुआ था। इस पर 750 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।