झांसी। महानगर में सरकारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना संक्रमण से रोज पांच से सात लोग दम तोड़ रहे हैं। लेकिन, हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। महानगर के प्रमुख श्मशान घाट और कब्रिस्तानों में अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं बची है। महानगर के नंदनपुरा और बड़ागांव गेट बाहर श्मशान घाट में तो रोज 20-25 शव पहुंच रहे हैं। यहां पर रात में भी अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं। श्मशान घाट और कब्रिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक 27 दिन में करीब एक हजार शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है।
महानगर में बढ़ता कोरोना संक्रमण लगातार डरावने हालात पैदा कर रहा है। प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना संक्रमण से पांच से सात लोग ही दम तोड़ रहे हैं। लेकिन संक्रमण अन्य बीमारियों से ग्रसित लोगों को अपना शिकार बना रहा है। बीते 27 दिनों में एक हजार लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है। कब्रिस्तान और श्मशानघाटों के हालात महामारी की भयावहता की गवाही दे रहे हैं।
महानगर के नंदनपुरा स्थित मुक्तिधाम का हाल यह है कि यहां पर रात को 11 बजे तक अंतिम संस्कार हो रहे हैं। किसी- किसी दिन संख्या बढ़ जाती है, तो शाम को ही गेट बंद करना पड़ जाता है। मुक्तिधाम के धनीराम गुप्ता बताते हैं कि रोज 20-25 शव आ रहे हैं। अंतिम संस्कार के लिए जगह नहीं बच रही है। उधर, बड़ागांव गेट बाहर मुक्तिधाम का हाल भी कुछ ऐसा ही है। यहां भी रोज करीब 20 से अधिक शव पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही यहां पर कोरोना संक्रमितों का भी अंतिम संस्कार किया जा रहा है। यहां लकड़ी और कंडे भी कम पड़ रहे हैं। यह आंकड़ा तो महानगर के प्रमुख श्मशानघाट और कब्रिस्तानों का है। अगर अन्य शमशान घाटों का रिकार्ड जोड़ लिया जाए तो आंकड़ा बढ़ जाएगा।
---------------
सैनिटाइजेशन और सफाई पर जोर
महानगर के श्मशान घाटों की स्थिति को लेकर नगर निगम संजीदा हो गया है। श्मशान घाट में सफाई और सैनिटाइजेशन का काम चल रहा है। इसके लिए अलग से टीमें लगाई गई हैं। सोमवार को महापौर रामतीर्थ सिंघल के निर्देश के बाद नगर निगम ने उन्नाव गेट स्थित मुक्तिधाम में हैंड सैनिटाइजर मशीन और छह सोलर लाइटें लगवाईं। इसके साथ ही बड़ागांव गेट बाहर, प्रेमनगर कब्रिस्तान, जीवनशाह कब्रिस्तान, श्याम चोपड़ा मुक्तिधाम, नंदनपुरा श्मशानघाट में लाइटें सहीं कराई गई। पार्षद प्रदीप नगरिया ने बताया कि सोलर लाइटें लग गई हैं। इसके बाद विद्युत शवदाह गृह का काम भी जल्द पूरा हो जाएगा।
---------
ये हैं आंकड़े
उन्नाव गेट मुक्तिधाम- 135
श्याम चोपड़ा मुक्तिधाम- 160
बड़ागांव गेट बाहर- 384
प्रेमनगर श्मशानघाट- 141
ईसाईटोला कब्रिस्तान- 31
नंदनपुरा मुक्तिधाम- 200
महावीरन श्मशानघाट- 70