केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना का उद्देश्य प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, लेकिन मोंठ में यह योजना अभी तक धरातल पर सफल होती नजर नहीं आ रही है। स्थिति यह है कि नल संयोजन दिए जाने के दस माह बाद भी तमाम लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच पाया है।
स्थानीय निवासी शैलेंद्र व्यास, महेंद्र, सौरभ आदि ने कहा कि योजना की शुरुआत जोर-शोर से की गई थी। जिम्मेदारों ने जल्द ही हर घर तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी हालात जस के तस हैं। कई जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त भी हो चुकी है। लोगों ने कहा कि नगर के विभिन्न मोहल्लों में पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों को खोदा गया था, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद भी उन्हें ठीक नहीं कराया गया। परिणामस्वरूप जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिनमें आए दिन वाहन फंस जाते हैं। हादसों का खतरा बना रहता है। बारिश या पानी भरने की स्थिति में ये गड्ढे और भी खतरनाक हो जाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।