जनशिकायतों के निस्तारण में झांसी नगर निगम ने जुलाई की आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान पाया है। नगर निगम को 100 में 90 अंक प्राप्त हुए हैं। शासन स्तर से लिए गए फीडबैक में 70.38 फीसदी शिकायतकर्ता संतुष्ट मिले हैं।
विज्ञापन
जुलाई की मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार नगर निगम ने शिकायतों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन किया। बताया गया कि जुलाई के दौरान 357 संदर्भों की मार्किंग की गई। निस्तारण समय बेहतर होने पर इस श्रेणी निगम को पूरे 10 अंक मिले। वहीं, पिछले छह महीने के औसत 999 संदर्भों के मुकाबले एक भी डिफॉल्टर शिकायत नहीं रही। इस पर भी पूरे 20 अंक मिले। जुलाई में 449 शिकायतों पर आवेदकों से फीडबैक लिया गया। इनमें 316 शिकायतों पर संतोषजनक फीडबैक मिला। इस आधार पर निगम को 22 अंक प्राप्त हुए। फील्ड विजिट रिपोर्ट में 449 मामलों में से 393 आवेदकों से संपर्क किया गया, जो कि 87.53 फीसदी है। इस मद में नगर निगम को आठ अंक प्राप्त हुए। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा की ओर से दिए गए निर्देश के क्रम में अधिकारियों ने नागरिकों से संपर्क कर शिकायतों का निस्तारण कराया। साथ ही फोन से फीडबैक लेते हुए नागरिकों को संतुष्ट किया गया। इसी का परिणाम है कि नगर निगम झांसी आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में अव्वल आया है।