झांसी में कोरोना से दस की मौत
झांसी। जिले में संक्रमण की गति तो मंद पड़ रही है, लेकिन मौतों का आंकड़ा जस का तस है। मंगलवार को कोरोना से दस लोगों की मौत हो गई, जबकि 86 नए मरीज मिले। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। ब्लैक फंगस के भी चार मरीज पाए गए हैं। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती ब्लैक फंगस के एक मरीज का ऑपरेशन किया गया। एंडोस्कोपी के जरिए मरीज की नाक से फंगस निकाली गई।
मंगलवार को सदर बाजार निवासी 62 वर्षीय वृद्धा, मऊरानीपुर के 85 साल के बुजुर्ग, ताज कंपाउंड के 63 वर्ष के वृद्ध, मिशन कंपाउंड के 70 साल के बुजुर्ग, सीपरी बाजार निवासी 35 साल के युवक, सकरार की 65 वर्षीय वृद्धा, खातीबाबा के 79 वर्ष के बुजुर्ग, बिजौली निवासी 50 साल की महिला, दीनदयाल नगर के 68 वर्षीय बुजुर्ग और छतरपुर के 40 साल के व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। पूरे जिले में 6239 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें 2812 नमूने आरटीपीसीआर, 10 ट्रू नेट और 3417 एंटीजन किट से जांचे गए। कुल 86 मरीज मिले। इस तरह झांसी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 36118 पहुंच गई है। मरने वालों का आंकड़ा 551 हो गया है। मंगलवार को स्वस्थ होने पर अस्पताल से 52 मरीजों को डिस्चार्ज भी कर दिया गया। जबकि, 56 रोगियों का होम आइसोलेशन पूरा हो गया। जिले का रिकवरी रेट 95.14 प्रतिशत हो गया है। मृत्यु दर 1.5 बनी हुई है। कोरोना के 1203 एक्टिव केस बने हुए हैं। इसमें से 128 की हालत गंभीर है।