फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi: बंगरा में भीषण अग्निकांड, पुलिस चौकी समेत 10 दुकानें राख, आग बुझाने के दौरान होमगार्ड भी झुलसा; वीडियो

Thu, 11 Jun 2026 08:58 AM IST
दीपक महाजन संवाद न्यूज एजेंसी, झांसी

सार

आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान, पुलिस चौकी के दस्तावेज और वाहन नष्ट हो गए। आग बुझाने के दौरान सिलिंडर फटने से एक होमगार्ड गंभीर रूप से झुलस गया।
विज्ञापन
आग बुझाते दमकल कर्मी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झांसी-खजुराहो हाईवे स्थित बंगरा चौराहे पर बुधवार-बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से पुलिस चौकी, भाजपा मंडल कार्यालय और आसपास की 10 दुकानें जल गईं। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान, पुलिस चौकी के दस्तावेज और वाहन नष्ट हो गए। आग बुझाने के दौरान सिलिंडर फटने से एक होमगार्ड गंभीर रूप से झुलस गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
विज्ञापन

 

आगजनी में घायल दमकल कर्मी। - फोटो : संवाद
बंगरा पुलिस चौकी के पास भाजपा का मंडल कार्यालय और कई दुकानें हैं। रात करीब दो बजे लोगों ने चौकी से आग की लपटें उठती देखीं। उस समय चौकी में कोई मौजूद नहीं था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जूता-चप्पल, ई-व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, मिठाई, पेंट व फ्लैक्स की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

आगजनी में बंगरा पुलिस चौकी समेत आसपास की कई दुकानें चपेट में आ गई। मिठाई की दुकान में रखे सिलिंडर आग की चपेट में आ गए और एक के बाद एक कई धमाके हुए। जिससे स्थानीय लोग सहम गए। जानकारी मिलते ही पहुंची फायर बिग्रेड टीम आग बुझाने में जुट गई है। बताया जा रहा है इस दौरान एक दमकल कर्मी भी घायल हो गया।
मिठाई की दुकान में रखे गैस सिलिंडर में विस्फोट होने से आग और भड़क गई। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह सात बजे आग पर काबू पाया जा सका। तब तक पुलिस चौकी में रखे दस्तावेज, सामान और वाहन, भाजपा कार्यालय तथा कई दुकानों का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

सूचना पर एसपी सिटी प्रीति सिंह, एसडीएम मऊरानीपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी टहरौली आसमा वकार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी ने बताया कि चौकी में रखा अधिकांश रिकॉर्ड और अन्य सामान जल गया है। आग में झुलसे होमगार्ड का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
 

आग की चपेट में आई बंगरा पुलिस चौकी - फोटो : संवाद
धमाकों से दहशत में आए लोग
रात के समय क्षेत्र में सन्नाटा था। दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे थे कि तभी एक दुकान में रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। दहशत में आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। आग की ऊंची लपटें देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सिलिंडर विस्फोट में झुलसा होमगार्ड
मऊरानीपुर दमकल दस्ते के साथ पहुंचे होमगार्ड सुनील कुमार दुबे आग बुझाने में लगे थे। इसी दौरान मिठाई की दुकान में रखे सिलिंडर में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें पहले बंगरा सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।मेडिकल कॉलेज पहुंचकर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा और तहसीलदार ललित कुमार पांडेय ने उनका हालचाल जाना।

 
विज्ञापन

आग से नष्ट हुए वाहन। - फोटो : संवाद
ज्वलनशील सामान ने बढ़ाई तबाही
दुकानों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। पेंट की दुकान से कई बार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। ई-स्कूटी, मोबाइल, जूते-चप्पल और अन्य सामान देखते ही देखते आग की भेंट चढ़ गए। टिनशेड की दुकानें होने के कारण आग एक दुकान से दूसरी दुकान तक तेजी से पहुंच गई, जिससे दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मलबे में तलाशते रहे उम्मीद
आग में रंजीत भोजवाल की पेंट की दुकान, संजय की मोबाइल रिपेयरिंग दुकान, नीतेश राय की ई-स्कूटी दुकान, बृजेश अहिरवार की जूता-चप्पल दुकान, शिवम गुप्ता और गंगाराम की मिठाई की दुकान, गणेश प्रसाद का जनरल स्टोर समेत कई ठेलियां और पटरी दुकानदारों का सामान जल गया।आग बुझने के बाद दुकानदार बचे हुए अवशेष में अपना बचा-खुचा सामान तलाशते नजर आए, लेकिन अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। प्रभावित व्यापारियों का दावा है कि उन्हें करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि प्रशासन की प्रारंभिक जांच में लगभग 26.50 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। व्यापारियों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

यह बोले पीड़ित दुकानदार
आग ने भारी नुकसान पहुंचाया है। 20 ई-स्कूटर के साथ काफी संख्या में एसी और फ्रिज भी जल गए हैं। कारोबार एकदम से तबाह हो गया है- नीतेश राय, ई-व्हीकल व इलेक्ट्राॅनिक्स विक्रेता

वर्षों में जमाया कारोबार चंद घंटों की आग में तबाह हो गया है। दुकान में बड़ी मात्रा में पेंट सामग्री व मशीनें रखी हुईं थीं। सब आग में जल गया। - शंकरलाल भोजवाला, पेंट कारोबारी

आगजनी का वीडियो...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें