बिना रुकावट झांसी मंडल से गुजरीं 50 ऑक्सीजन एक्सप्रेस
झांसी। कोरोना के दौर में रेलवे लगातार ऑक्सीजन एक्सप्रेस का संचालन कर रहा है। झांसी मंडल ने भी इसमें अहम भागीदारी निभाई है। जीवन रक्षक एक्सप्रेस को बिना रुकावट मंडल के स्टेशनों से गुजारा गया है। इसके चलते अब तक मंडल से 50 ट्रेनें गुजरकर समय से अपने गंतव्य को पहुंची हैं। शनिवार को 50वीं ट्रेन को आगसोद स्टेशन से लेकर धौलपुर तक समय से पहले पहुंचाया गया।
झांसी मंडल ने अब तक 32 भरी हुई और 18 खाली सहित कुल 50 ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन शून्य विलंबन सहित 54.56 किमी प्रति घंटा की गति से किया। जबकि 18 खाली ऑक्सीजन स्पेशल गाड़ियां 55.28 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति से गुजारी गईं। इन ट्रेनों को कहीं रोका नहीं गया।
झांसी मंडल ने 55.5 मीट्रिक टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन को ले जाने वाली ऑक्सीजन एक्सप्रेस को 08.37 बजे आगसोद स्टेशन में प्राप्त किया। यह ट्रेन झांसी स्टेशन पर 11.06 बजे पहुंची और 11.11 बजे प्रस्थान कर धौलपुर स्टेशन पर समय 14.28 बजे पहुंचाकर फरीदाबाद स्टेशन पहुंचाने के लिए सौंपा गया। एक्सप्रेस के संचालन को लेकर रेल मार्गों को खुला रखा गया है और उच्च सतर्कता बरती जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक संदीप माथुर ने ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेनों पर निरंतर निगरानी पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्बाध एक्सप्रेस का संचालन करने के निर्देश दिए हैं।