उम्र महज 22 साल लेकिन सोच आसमान में सुराख करने की। वेदांती नगरिया ने बीबीए करने के बाद कॉरपोरेट कंपनी में नौकरी की। मगर उनका सपना कुछ और हैं। कुछ माह बाद ही नौकरी छोड़कर मुंबई से झांसी आ गईं। यहां उन्होंने अपने पिता के अपरा मिल्क ब्रांड में हाथ बंटाने के बजाय खुद का बिजनेस शुरू करने की ठानी। काठिया गेहूं का दलिया और सरसों के तेल से शुरुआत कर दी। उनका लक्ष्य आर्गेनिक खाद्य उत्पादों की पूरी श्रृंखला शुरू करके कई लोगों को पोषक आहार पहुंचाना है।
मिशन कंपाउंड झांसी की रहने वाली वेदांती बताती हैं कि पिता का अपरा मिल्क का कारोबार है लेकिन वह कुछ अलग करना चाहती थीं। यही वजह रही कि वह प्राकृतिक खाद्य पदार्थ का स्टार्टअप शुरू किया। उन्होंने पारंपरिक स्वाद और पौष्टिकता के लिए काठिया दलिया के साथ ही कोल्ड प्रेस्ड सरसों का तेल लॉन्च किया है। उनका कहना है कि हम किसानों के साथ मिलकर
काम करते हैं ताकि हर दाना और हर बूंद में भरोसा झलके।
वेदांती बताती हैं कि उनका स्टार्टअप अभी नया है लेकिन इसे बहुत आगे तक ले जाने की योजना है। बताती हैं कि हमारा उद्देश्य लोगों को प्रकृति की शुद्धता से जोड़ने का है। उनके स्टार्टअप में किसानों के साथ ही महिलाएं भी जुड़ी हुई हैं। वह जल्द ही आर्गेनिक फूड की पूरी सीरीज लॉन्च करने की तैयारी में हैं।