झांसी। झांसी - खजुराहो फोरलेन निर्माण के लिए जिले में 4,996 पेड़ काटे गए हैं। काटे गए ये सभी वृक्ष सड़क निर्माण के रास्ते में आ रहे हैं। हालांकि, इसके एवज में दोगुनी संख्या में पेड़ लगाने का दावा किया जा रहा है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा झांसी से खजुराहो तक 186 किलोमीटर तक फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से 76.6 किलोमीटर सड़क जिले की सीमा में डाली जा रही है। ये सड़क बरुआसागर, मऊरानीपुर होती हुई मध्य प्रदेश की सीमा में दाखिल होती है। सड़क का निर्माण फरवरी 2018 में शुरू हुआ था। इसी साल काम पूरा करने की तैयारी है। कई स्थानों पर नये स्थान पर सड़क बनाई जा रही है, जबकि कई जगहों पर पुरानी सड़क को नये सिरे से तैयार किया जा रहा है।
सड़क के रास्ते में 4,996 पेड़ आए थे, जिन्हें वन विभाग की अनुमति मिलने के बाद काट दिया गया है। इनमें से ज्यादातर पेड़ हरे-भरे और सालों पुराने थे। पर्यावरण की दृष्टि से ये बड़ी क्षति बताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग का दावा है कि उक्त पेड़ों के स्थान पर दोगुना पौधरोपण किया गया है। कुरैचा, नयागांव, मगरवारा व कटेरा में 143 हेक्टेअर भूमि पर पौधे लगाए गए हैं। वन संरक्षक एके सिंह ने बताया कि नियमानुसार एनएचएआई से पौधरोपण कराया गया है।