मोबाइल चोरी में पिछले दिनों जेल गई महिला के चार बच्चे 15 दिन बाद पिता से मिल सके। चार साल की बच्ची मां के साथ जेल में है। पुलिस ने बच्चों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर वन स्टॉफ सेंटर भेज दिया था।
मोबाइल चोरी में पिछले दिनों जेल गई महिला के चार बच्चे 15 दिन बाद पिता से मिल सके। चार साल की बच्ची मां के साथ जेल में है। पुलिस ने बच्चों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर वन स्टॉफ सेंटर भेज दिया था। बाल कल्याण समिति के समक्ष मामला पहुंचने के बाद उन्होंने न केवल महिला से जेल पहुंचकर बात की, बल्कि उसके द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस से संपर्क कर बच्चों के पिता से संपर्क किया। झांसी आए पिता से बात कर बाल कल्याण समिति ने शनिवार को चारों बच्चों को उसके सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
पिता ने बताया कि वह पत्नी व बच्चों को लगातार खोज रहा था, उसे पता नहीं था कि उसकी पत्नी जेल चली गई है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि 17 अक्तूबर को नवाबाद पुलिस ने हुकुमवती देवी को मोबाइल चोरी करने के आरोप में जेल भेज दिया था। हुकुमवती के गोद में चार साल की बच्ची के अलावा चार अन्य बच्चे थे। जेल प्रशासन ने चार साल की बच्ची को जेल में रहने की इजाजत दे दी। इधर, पुलिस ने चारों बच्चों को चाइल्ड लाइन भेज दिया। वहां से बच्चों को वन स्टॉफ सेंटर भेज दिया गया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने जेल में पहुंचकर हुकुमवती से बात की और काउंसिलिंग कर उसके घर का सही पता निकलवा कर किसी प्रकार संपर्क कर बच्चों के पिता कुंदन निवासी खरखांया सरायवेला झारखंड तक पहुंचे।