अस्पताल में इलाज कराता घायल कर्मचारी
- फोटो : संवाद
गुरसरांय में लाइन ठीक करने जा रहे बिजली विभाग में कार्यरत कर्मचारी की घात लगाकर बैठे शख्स ने पिटाई कर दी। यही नहीं उसकी बाइक भी तोड़ दी गई। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तब मौके पर जाकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे की वजह और हमलावर की तलाश में पुलिस जुट गई है।
थाना गुरसरांय इलाके में अचोसा निवासी प्रेम नारायण कुशवाहा (28) पुत्र राम प्रसाद बढ़वार फीडर पर कार्यरत हैं। सुबह लगभग 6 बजे गुराई बाजार के पास पावर हाउस की ओर से वह लाइन ठीक करने के लिए जा रहे थे। पावर हाउस के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावर ने उन पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान उनकी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जान बचाने के लिए घायल प्रेम नारायण किसी तरह पावर हाउस के अंदर भागे। जहां मौजूद विद्युत कर्मियों ने उन्हें सुरक्षित किया और तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अवर अभियंता दीपक कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर घायल प्रेमनारायण को स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया है उसके सर ओर पीठ पर चोट के निशान है मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है।
थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडे ने बताया कि सुबह विद्युत कर्मी के साथ मारपीट की तहरीर मिली थी जिसको लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मामले की जाच कर दोषी पर कार्यवाही की जाएगी।