थाना चिरगांव के कलेक्टरगंज में मंगलवार देर रात जमीन बेचने के विवाद में बड़े ने छोटे भाई का खून बहा दिया। पुलिस को छानबीन में मालूम चला कि बड़ा भाई जितेंद्र अपने छोटे भाई राकेश पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था लेकिन राकेश इस पर राजी नहीं था। इसे लेकर दोनों में अवसर विवाद होता था। गुस्से में आकर जितेंद्र ने ने रॉड मारकर हत्या कर दी। मां मक्खन देवी ने बड़े बेटे के खिलाफ चिरगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कलेक्टरगंज मोहल्ला निवासी जितेंद्र कुशवाहा छोटे भाई राकेश (35) के साथ हलवाई का काम करता था। हत्यारोपी जितेंद्र ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले उसने ढाई लाख रुपये में अपना प्लाट बेच दिया। इससे मिली रकम जितेंद्र ने खर्च कर दी। अब उनके पास पैसा नहीं बचा। जितेंद्र छोटे भाई राकेश पर अपने हिस्से की जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। राकेश इस पर राजी नहीं था। वह अपनी जमीन बेचना नहीं चाहता था। दोनों के बीच अक्सर इसे लेकर झगड़ा होता था। मंगलवार रात शराब पीने के दौरान उनके बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर उसने राकेश के सिर एवं पेट में रॉड मार दी।रॉड की चोट से राकेश की आतड़ियां बाहर आ गई। मौके पर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के पहुंचने पर हत्यारोपी भाई चौकी के नीचे जा छुपा। पुलिस ने किसी तरह उसे बाहर निकालकर हिरासत में लिया। एसपी ग्रामीण डा. अरविंद कुमार के मुताबिक, हत्यारोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
पिटाई की वजह से दो माह कोमा में रही मां
परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र अपराधिक प्रवृत्ति का है। पिछले साल उसने मां मक्खन देवी को किसी बात पर नाराज होकर बुरी तरह पीट दिया था। उनका सिर दीवार से लड़ा दिया। सिर में गहरी चोट आने से मां दो माह कोमा में रहीं। कुछ माह पहले हालत सुधरने पर बेटी लक्ष्मी अपने साथ भांडेर लेकर चली गई। दोनों भाई शराब पीने के आदी थे। इस वजह से दोनों की पत्नियां भी उन्हें छोड़कर जा चुकी हैं। जितेंद्र के खिलाफ चोरी समेत मारपीट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।