खेत से मिट्टी का खनन करते समय टीला ढहने से काम करते समय एक मजदूर चपेट में आ गया। साथियों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां ग्वालियर ले जाते समय मजदूर ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद काम करा रहे लोग भाग निकले। अवैध तरीके से खुदाई करते समय हुए हादसे से गांव में हड़कंप मचा हुआ है।
थाना रक्सा के पुनावली कलां निवासी रमेश राजपूत का पुत्र हेमंत राजपूत मजदूरी करते था। पुनावली कलां स्थित चिराऊ की टौरिया पर कई दिनों से अवैध तरीके से मिट्टी निकाली जा रही है। इस काम में हेमंत भी मजदूरी कर रहे थे।
शुक्रवार की सुबह मिट्टी खोदकर ट्रेक्टर-ट्राली में भरने का काम चल रहा था। दोपहर करीब 2 बजे मिट्टी निकालते समय टीला भरभरा कर उनके ऊपर गिर गया। इसमें दबकर हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास काम कर रहे साथी बाल-बाल बच गए। साथी मजदूरों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी पहुंच गए।
घटना के बाद मौके पर काम करा रहे लोग ट्रेक्टर-ट्रॉलियां लेकर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां हालत नाजुक देखते हुए उनको ग्वालियर रेफर कर दिया गया। रास्ते में ग्वालियर पहुंचने से पहले हेमंत ने दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना को लेकर गांव वालों में आक्रोश भी है।