झांसी। कोविड के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने रोक लगा दी है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इस समय कोविड को काबू में करने के लिए संसाधनों की आवश्यकता है। इसको देखते हुए सिर्फ उनको ही अवकाश दिया जाएगा, जो स्वयं अथवा जिनके परिवार के सदस्य गंभीर रूप से बीमार हैं।
जिलाधिकारी ने मैन पावर के साथ वाहन भी बढ़ाने के निर्देश दिए। रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) को एक बार होम आइसोलेशन में रह रहे मरीज को देखने को कहा। साथ ही तीन बार फोन से स्वास्थ्य की जानकारी लेने के निर्देश दिए। परिवार के सभी सदस्यों के पॉजीटिव होने पर होम आइसोलेशन की सुविधा दी जाएगी। संक्रमित महिला की छोटी बच्ची है तो उसे भी होम आइसोलेट किया जाएगा। जिलाधिकारी ने लक्षण विहीन मरीजों को एल-1 में भर्ती कराने को कहा। इसके अलावा उन्होंने मैन पावर बढ़ाने को कहा।
बैठक में नोडल अधिकारी शिवप्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, सीएमओ डॉ. जीके निगम, सीईओ विनोद विग्नेश्वरन, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, सीओ सिटी आरके सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।