कलेक्ट्रेट नवीन भवन सभागार में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन हुआ। डीएम ने एनएचएआई झाँसी- छतरपुर/ग्वालियर-ललितपुर को अपने स्वामित्व वाली दुर्घटना क्षेत्रों पर सड़क सुरक्षात्मक कार्य कि आख्या प्रस्तुत न करने पर फटकार लगाई। उन्होंने कहा सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक का जीवन महत्वपूर्ण है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। एनएचएआई झांसी के अधीन ब्लैक स्पॉटों पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र साइन बोर्ड लगाए जाने की सूचना अप्राप्त होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लगभग 16 स्थानों पर साइन बोर्ड लगाए जाने का कार्य अवशेष है। उसे तत्काल पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।
स्कूल और कॉलेज सड़क सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश
जिला विद्यालय निरीक्षक से स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत हो रहे जागरूकता कार्यक्रम की जानकारी ली। कार्यों पर असन्तोष व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को और बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रैण्डमली किसी भी विद्यालय का निरीक्षण कर जागरूकता कार्यक्रम कि हकीकत को स्वयं देखेंगे। उन्होंने शत-प्रतिशत अभिभावकों द्वारा प्रमाण पत्र लिए जाने के भी निर्देश दिए।
दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाएं
डीएम ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में दुर्घटना के दौरान जन हानि होने पर तत्काल घटना स्थल का पर पहुँचना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड अवश्य लगाया जाये ताकि होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। एक ही स्थान पर बार-बार दुर्घटना होने पर उसे ब्लैक स्पॉट बनाते हुए कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता ने बताया की जनपद के ब्लैक स्पॉट के निस्तारण हेतु लॉन्ग टर्म सोल्यूशन निकाले जाने हेतु कार्यवाही की जा रही है। इसके अंतर्गत स्टीमेट तैयार कर शासन को प्रेषित कर दिया गया है ताकि सभी का स्थाई निस्तारण किया जा सके। धन राशि प्राप्त होते ही समस्त ब्लैक स्पॉट पर त्वरित कार्रवाई प्रारम्भ करते हुए कार्य पूर्ण किया जाएगा।
अन्ना पशुओं को गोशाला में स्थानांतरित कर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश
हाईवे, राज्य तथा ग्रामीण मार्गों पर छुट्टा अन्ना पशुओं के विचरण किए जाने से हो रही सड़क दुर्घटनाओं से जनमानस को हो रही समस्याओं के निराकरण हेतु निर्देश देते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व से कहा कि नगर पालिका तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों के संयोग से छुट्टा पशुओं को निकटवर्ती गोशाला में स्थानांतरित किया जाए। इसके साथ ही रिफ्लेक्टिव टेप का उपयोग किया जाए ताकि रात के समय आवारा पशुओं के देखा जा सके। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उक्त समस्या का समाधान निकाले जाने के निर्देश दिए।
बढ़ाये जायेगें वेंडिंग जोन
आम जन मानस को सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के दृष्टिगत कमेटी गठित करते हुए निर्देश दिए कि नगर में ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जाए जहाँ अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की जा सके। इसी क्रम में उन्होंने स्ट्रीट वेंडरों के लिए वेंडिंग जोन बनाए जाने के लिए नगर क्षेत्र में स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था का स्थायी समाधान हो सके। शहर में अभी 06 वेंडिंग जोन संचालित हो रहे हैं, इनकी संख्या और बढ़ाए जाने के निर्देश दिए ताकि 190 पंजीकृत वेन्डर्स को स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, सचिव जेडीए उपमा पाण्डेय, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी, एसडीएम टहरौली गौरव आर्या, एआरटीओ एसके अग्रवाल, डीआईओएस रति वर्मा, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी संदीप शर्मा, एनएचएआई से रंजन सिंह सहित बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन, आटो एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।