कोतवाली के बड़ागांव गेट बाहर बंगला घाट मोहल्ला निवासी दंपती ने आपसी विवाद के बाद जहर निगल लिया। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार दोपहर पत्नी की मौत हो गई जबकि पति अभी वेंटिलेटर पर है। विवाहिता की मौत से नाराज मायके वालों ने जमकर अस्पताल में हंगामा किया। उसके भाई का आरोप है कि दहेज में कार न मिलने से जबरन बहन को जहर देकर मार दिया गया।
मूल रूप से दतिया के सिंघर्रा गांव निवासी हिना (23) की शादी 7 फरवरी 2023 को बंगलाघाट निवासी आबिद खान से हुई थी। दंपती को डेढ़ साल का बेटा है। आबिद एसी रिपेयरिंग का काम करता है। हिना के परिजनों का कहना है कि ससुरालवाले कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर हिना को मारते-पिटते थे। बुधवार रात ससुराल में हिना को पीटा गया। हिना के भाई का कहना है कि उसे जबरन जहर खिला दिया जबकि आबिद ने मुंह में रखकर जहर थूक दिया। सुबह घटना का पता चलने पर वह लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां कुछ देर बाद हिना की मौत हो गई। हिना की मौत से नाराज मायके पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच कई। किसी तरह समझा-बुझाकर उनको शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, जहर निगलने से आबिद की हालत नाजुक बनी है। वह मेडिकल अस्पताल में भर्ती है।
आबिद के पिता मोहम्मद जुबैद का कहना है कि दो माह पहले दोनों अजमेर शरीफ दरगाह घूमकर आए थे। बुधवार रात को बहू हिना ने सबको खाना खिलाया। किसी बात को लेकर बहू और बेटे में विवाद हो गया। बेटे ने जहर निगल लिया। यह देख बहू ने भी जहर निगल लिया। दोनों को ऑटो से लेकर वह लोग मेडिकल अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान हिना की मौत हो गई। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि दंपती ने आपसी विवाद के बाद जहर निगला। मायके पक्ष ने प्रार्थना पत्र दिया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।