विकास भवन में बैठक करते चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। झांसी और ललितपुर जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते मामलों की शनिवार को प्रदेश के चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि झांसी जनपद उत्तर प्रदेश का गेट - वे है। यहां टेस्टिंग और ट्रेसिंग प्रभावी ढंग से किए जाने पर काफी हद तक कोरोना वेव को रोका जा सकता है। उन्होंने वैक्सीनेशन पर जोर दिया।
विकास भवन सभागार में समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने कहा कि पंजाब, महाराष्ट्र, दिल्ली आदि राज्यों में कोरोना वायरस के संक्रमण में हो रही बढ़ोतरी से उप्र में भी केस बढ़ने की संभावनाएं हैं। झांसी उत्तर प्रदेश का गेट-वे है। दक्षिण भारत सहित अन्य राज्यों से लोग ट्रेन के माध्यम से यहां आते है, ऐसे में यहां आने वालों की टेस्टिंग और ट्रेसिंग यदि प्रभावी ढंग से कर ली तो काफी हद तक कोरोना वेव को रोका जा सकता है। इस बीमारी से लड़ने का एक साल का अनुभव हो गया है। सभी को इस बीमारी से बचने की जानकारी है। जितनी तेजी से टीकाकरण होगा, उतनी तेजी से हम लोगों को सुरक्षित कर सकेंगे।
झांसी, ललितपुर जिलों की समीक्षा करते अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कांट्रेक्ट ट्रेसिंग में तेजी लाते हुए सभी की आरटीपीसीआर जांच जरूर कराएं। इसके अलावा एंटीजन जांच में भी तेजी लाई जाए। मास्क एवं दो गज की दूरी का सख्ती से पालन कराएं। उन्होंने बताया कि लोगों को सरकारी अस्पतालों में बगैर रजिस्ट्रेशन के नि:शुल्क टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करें। जबकि, निजी अस्पतालों में भी 250 रुपये फीस देकर टीकाकरण कराया जा सकता है। पहले आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पताल में ही कोरोना टीका लगाया जा रहा था, परंतु अब सभी निजी अस्पतालों में यह सुविधा दी गई है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से कोरोना वेव को रोके जाने के लिए बनाए गए प्लान की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों की बिन्दुवार समीक्षा की।
इस मौके पर जिलाधिकारी आंद्रा वामसी, एसएसपी दिनेश कुमार पी, मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, एडी हेल्थ डा. अल्पना बरतारिया, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डा. एनएस सेंगर, डा. अंशुल जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।