जीएसटी घटने से ऑटो बाजार में खूब दिखी रौनक
जीएसटी घटने से ऑटोमोबाइल कारोबार में चमक आ गई है। नवरात्र के पहले ही दिन झांसी में लगभग 100 कारों और 300 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। शोरूम संचालकों को आगे भी वाहनों की अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
केंद्र सरकार ने कारों और मोटरसाइकिलों पर लगने वाली जीएसटी में बड़ा बदलाव किया है। 350 सीसी या उससे कम क्षमता वाली मोटरसाइकिलों और स्कूटरों पर अब 28 फीसदी की जगह सिर्फ 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगी। 1200 सीसी से कम पेट्रोल इंजन वाली और 1500 सीसी से कम डीजल इंजन वाली कारों पर भी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 फीसदी जीएसटी कर दी गई है। सोमवार को नवरात्र के पहले दिन से ही ये दरें प्रभावी होने के बाद कारों की कीमतों में 50 हजार से लेकर 1.45 लाख रुपये तक की कमी आई है। वहीं, दोपहिया वाहनों के दाम भी पांच से लेकर 20 हजार रुपये तक कम हो गए हैं।
ये बोले संचालक
सूरी ऑटोमोबाइल से सुबोध सूरी ने बताया कि नवरात्र के लिए 220 कारों की बुकिंग हुई है। पहले ही दिन मारुति की 43 कारों की बिक्री हुई। इसके अलावा हीरो की 82 दोपहिया वाहन भी बिके। जीएसटी घटने के बाद बाइक, स्कूटर छह से दस हजार रुपये सस्ते हुए हैं।
बसेरा वेलोसिटी से विकास राय ने बताया कि पहले जहां मारुति की 250 कारों की नवरात्र में बिक्री की बुकिंग थी, जीएसटी घटने के बाद इसमें 30 फीसदी का उछाल आ गया है। नवरात्र के पहले दिन 22 कारें बिकीं। कार के दामों में 60 हजार से एक लाख तक की कमी आई है।
ध्रुव तारा ऑटोमोबाइल्स से सिद्धार्थ नगरिया का कहना है कि जीएसटी कम होने से बजाज के दोपहिया वाहनों की कीमत पांच से 20 हजार रुपये कम हो गई है। इससे बाजार में रौनक आई है। नवरात्र में 140 वाहनों की बुकिंग हुई है। पहले दिन 45 बाइक, स्कूटर बिके हैं।