पत्नी के प्रेमी के हाथों पिटे युवक ने जहर निगलकर जान दे दी। इससे पहले युवक ने वीडियो भी बनाया, इसमें आपबीती सुनाते हुए पत्नी से कहा कि मुझको जैसा धोखा दिया, वैसा किसी को मत देना। उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उसने दम तोड़ दिया।
दस साल पहले हुई थी शादी
थाना लहचूरा के इमलौटा गांव निवासी डालचंद (35) ने दस साल पहले मऊरानीपुर के घाट कोटरा गांव की युवती से शादी की थी। परिवार में पत्नी समेत आठ साल का बेटा एवं सात साल की बेटी है। डालचंद हरियाणा में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। उसके परिजनों का कहना है कि वहां पत्नी की एक युवक से दोस्ती हो गई। डालचंद ने यह बात अपने भाई चंद्रभान को बताई। उनका कहना है कि इसका विरोध करने पर पत्नी के प्रेमी ने कुछ दिन पहले डालचंद को बुरी तरह से पीटकर अधमरा कर दिया था।
बच्चों के लिए समझौता करने को था राजी
पिटाई के बाद डालचंद बेहद दुखी हो गया। काम छोड़कर गांव लौट आया। पत्नी मायके जाकर रहने लगी। बच्चों के प्रेम में डालचंद पत्नी से समझौता करने को राजी था। 29 अक्तूबर को वह अपनी ससुराल गया। वहां 31 अक्टूबर को उसने जहर निगल लिया। अचेत हाल में घर के बाहर पड़ा था। पुलिस ने उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। उसकी ससुराल के लोग डालचंद को गलत ठहराते हुए उसके रोजाना शराब पीकर पत्नी से मारपीट करने का आरोप लगाया।
मरने से पहले छलका दर्द
डालचंद का सुसाइड के पहले बनाया वीडियो वायरल हो रहा है। उसने अपना दर्द बयां किया है। वीडियो में फूट-फूट कर रोते हुए कह रहा है, मैं तीन दिन से मरने की कोशिश कर रहा हूं लेकिन जान बहुत मुश्किल से निकल रही है। मैं मरना नहीं चाहता था। याद रखना मेरे जैसा धोखा किसी को नहीं देना कि वह मरने का मजबूर हो जाये। मैं बच सकता था अगर एक बार बात की होती। मैं अपने बच्चों के बिना नहीं रह सकता। वहीं, इस मामले में मऊरानीपुर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी का कहना है कि अब तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।
डालचंद का सुसाइड के पहले का वीडियो...