बरुआसागर। बीती रात नगर पालिका अध्यक्ष के घर से चोरों ने लाखों की रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर नगर में सनसनी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक चोर चोरी के सामान के साथ नजर आया। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सुबूत इकट्ठे किए हैं। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है।
बरुआसागर नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला कुशवाहा मातवाना मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहती हैं। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात वह अपनी दोनों बेटियों के साथ घर में सोई हुईं थीं। शनिवार की सुबह तकरीबन पांच बजे वह जागी तो उन्हें घर का सामान बिखरा हुआ पड़ा मिला। घर में रखीं अलमारियों के ताले टूटे हुए थे, जिनमें रखे 12 लाख रुपये नकद और तकरीबन 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। सूचना पर बरुआसागर थाना प्रभारी शिवजीत सिंह राजावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए, जिसमें एक चोर सामान के साथ नजर आया। फुटेज में सामने आया कि चोर नगर पालिका अध्यक्ष के मकान की बाउंड्री की खाली जगह से अंदर दाखिल हुआ और तकरीबन एक घंटे तक वह पालिका अध्यक्ष के घर के भीतर रहा। इसके बाद वह चोरी के सामान को थैले में लेकर बाहर निकला। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से सुबूत इकट्ठा किए। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया।
एसपी सिटी ने बताया की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, अब तक सीसीटीवी फुटेज में आए बदमाश की पहचान नहीं हो पाई है। घटना के संबंध में कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है।