सोलह करोड़ की लागत से बनेगा जेडीए का नया दफ्तर।
16 करोड़ की लागत से बनेगा जेडीए का नया दफ्तर
झांसी। कानपुर-ग्वालियर राजमार्ग पर जेडीए का नया दफ्तर बनाया जाएगा। वह आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके लिए जेडीए सोलह करोड़ रुपये खर्च करेगा। दफ्तर तीन मंजिला होगा। प्रथम तल व्यावसायिक रहेगा। इसके अलावा दूसरे व तीसरा तल पर कार्यालय होगा।
शहर का सुनियोजित तरीके से विकास करने व अवैध निर्माणों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए वर्ष 1984 में झांसी विकास प्राधिकरण का गठन किया गया था। अस्तित्व में आते ही एवट मार्केट चौराहे पर जेडीए के दफ्तर को बनाया गया था। जेडीए ने शहर को सजाने व संवारने के लिए कई योजनाओं को तैयार किया। लगातार योजनाओं पर अमल भी किया गया जिसका असर शहर भर दिखने लगा। लोगों की आवाजाही व काम अधिक होने से जेडीए का दफ्तर छोटा दिखने लगा। कई बार स्थानांतरित करने के बाद अब जेडीए ने स्वयं की जमीन पर ही कार्यालय को बनाने का निर्णय लिया है जिसके लिए पूर्व में बेतवा विहार कॉलोनी में ही नया दफ्तर बनाने के लिए जमीन को चिह्नित कर लिया था लेकिन अब जेडीए ने कानपुर-ग्वालियर राजमार्ग पर जेडीए का नया दफ्तर बनाने का निर्णय लिया है।
कानपुर-ग्वालियर राजमार्ग पर स्थित पांच हजार वर्ग मीटर जमीन पर दफ्तर को बनाया जाएगा जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव के लिए कक्षों को बनाया जाएगा। मुख्य अभियंता के साथ ही अवर अभियंताओं के लिए बीस चेंबरों होंगे। दफ्तर में टाउन प्लानर, सहायक नगर नियोजक के लिए भी अलग से चेंबरों को बनाया जाएगा। मुख्य अधीक्षण अभियंता (विद्युत), अधिशासी अभियंताओं के अलावा वित्त नियंत्रक कक्ष होगा। भवन में दो मीटिंग हॉल होगे। एक हॉल में पंद्रह व दूसरे हॉल में दो सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। निजी विकासकर्ताओं के बैठने के लिए वेटिंग रूम को भी बनाया जाएगा। नये दफ्तर में कॉंफ्रेंस हॉल को भी बनाया जाएगा। कार्यालय के आसपास बगीचे को बनाया जाएगा। जेडीए के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि नए दफ्तर के लिए जगह को चिह्नित कर लिया है। भवन का निर्माण भव्य रूप में होगा। योजना को तैयार कर लिया गया है। टेंडर प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य को शुरू किया जाएगा।