झांसी। महानगर के लहर गिर्द में पांच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर जेडीए ने बुलडोजर चलाते हुए समतल कर दिया है। वहीं ग्राम बूढ़ा में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माणाधीन नर्सिंग होम एवं निर्माणाधीन दुकान को सील कर दिया गया है।
अवैध निर्माणों पर झांसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कड़ा रुख अख्तियार किया हुआ है। जेडीए के सभी अवर अभियंताओं से अपने-अपने क्षेत्र के अवैध निर्माणों की सूची तैयार करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिसके तहत लहर गिर्द क्षेत्र में गोपाल सक्सेना द्वारा लगभग पांच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल एवं प्लॉटों के फाउंडेशन पर बुलडोजर चलाते हुए समतल कर दिया है। वहीं ग्वालियर शिवपुरी मार्ग पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माणाधीन नर्सिंग होम के साथ एक दुकान को सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान झांसी विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता घनश्याम तिवारी, सुखवीर सिंह, हंसराज भाटी, निमेष गुप्ता मौजूद रहे।
जेडीए सचिव दिनेश ने बताया कि अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी, दुकान एवं नर्सिंग होम संचालक को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अनदेखी करने पर कार्रवाई की गई है। संवाद