बीस व तीस लाख में मिलेंगे जेडीए के फ्लैट
झांसी। महानगर के बेतवा विहार कॉलोनी में जेडीए ने 152 फ्लैटों का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जेडीए टू बीएचके व थ्री बीएचके फ्लैटों का निर्माण कराएगा। टू बीएचके के फ्लैट की कीमत बीस लाख रुपये व थ्री बीएचके के फ्लैट की कीमत तीस लाख रुपये होगी। आवेदन अधिक होने पर फ्लैटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साल भर में निर्माण कार्य को पूरा किया जाएगा। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर फ्लैटों का आवंटन होगा।
बालाजी मार्ग स्थित ग्राम बूढ़ा के बेतवा विहार कॉलोनी में खाली पड़ी 20,240 वर्ग मीटर जमीन पर जेडीए फ्लैटों का निर्माण कराएगा। शुरुआत में 152 फ्लैटों का निर्माण कराया जा रहा है जिसमें से 88 फ्लैट टू बीएचके व 64 फ्लैट थ्री बीएचके श्रेणी के होंगे। टूबीएचके के फ्लैट में 74.32 वर्ग मीटर (800 वर्ग फुट) का क्षेत्रफल होगा। साथ में दो कमरे, एक हॉल, दो शौचालय के साथ ही बालकनी व वाशिंग एरिया होगा। वहीं थ्र्री बीएचके फ्लैट 110 वर्ग मीटर (1200 वर्ग फुट) में होगा जिसमें दो कमरे, एक हॉल, दो शौचालय, बालकनी के साथ ही वाशिंग भी क्षेत्र होगा। फ्लैटों का निर्माण चार मंजिला इमारतों में किया जाएगा। तीन सौ रुपये के आवेदन फार्म लेने के लिए कार्यालय में भीड़ लग रही है।
टूबीएचके का फ्लैट की कीमत बीस लाख रुपये व थ्रीबीएचके तीस लाख रुपये का होगा। आवंटन होने के बाद लाभार्थी को दो लाख रुपये देना होंगे। जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि बेतवा विहार में चार मंजिला इमारत में टूबीएचके व थ्री बीएचके फ्लैटों को बनाया जाएगा व कॉलोनी में सभी मूलभूत सुविधाओं को जल्द ही मुहैया कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। इन फ्लैटों को खरीदने के लिए लोग काफी रुचि दिखा रहे है। रोजाना आवेदनों खरीदने वालों संख्या में काफी इजाफा हो रहा है। आवेदन के बाद फ्लैट आवंटन के समय टू बीएचके में एक लाख रुपये और थ्री बीएचके में दो लाख रुपये जमा करने होंगे।