अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जलजीवन मिशन के तहत 1643 करोड़ की लागत से जनपद के 613 गांवों में दस परियोजना से नल से जल पहुंचाने का काम कराया जा रहा है। जिससे गर्मियों में लोगों को पेयजल संकट न झेलना पड़े। इस परियोजना से अबतक 381 गांव में नल से जल पहुंचाया गया है। बाकी 232 गांव में नल से जल पहुंचाने के लिए अफसरों ने अप्रैल माह का समय निर्धारित किया है। ऐसे में इस बार लाखों लोगों को पानी के संकट से मुक्ति मिल जाएगी।
जलजीवन मिशन की गुलारा, तिलैथा, पुरवा, बड़वार का काम 100 फीसदी, बचावली, कुरैछा का 98 फीसदी, बुढ़पुरा का 96 फीसदी, इमलौटा, बरथरी, टहेरका का 85 फीसदी लगभग पूरा हो गया है। जिन योजनाओं में 100 फीसदी काम हो गया है, उन गांवों में पानी की सप्लाई भी शुरू हो गई है। वहीं, आगामी अप्रैल माह तक अन्य गांवों में भी सप्लाई शुरू कराने का अफसरों का दावा है। हालांकि कई परियोजनाओं में अभी 10 से 15 फीसदी तक काम बाकी रह गया है, जिसमें पाइपलाइन डालना, नल कनेक्शन देना और सड़क की मरम्मत का काम है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होते ही 613 गांवों के लाखों लोगों का पेयजल संकट दूर हो जाएगा।
बातचीत
जलजीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालकर नल कनेक्शन दिए गए हैं। - अनिल शर्मा
नलों से पानी आ रहा है, हालांकि कई जगह सड़कें खुदी पड़ी हैं। - सोनू कुशवाहा
बहुत समय बाद नल से जल आया है, पहले हैंडपंप और कुआं सहारा थे। - शरद राजपूत
वर्जन
जलजीवन मिशन के तहत दस परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, सात परियोजनाएं लगभग पूर्ण हो गई हैं, बाकी परियोजनाओं में काम चल रहा है। - रणविजय सिंह, अधिशासी अभियंता, जलनिगम ग्रामीण