संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जलसंस्थान को महानगर में 500 कनेक्शनधारक ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। इन पर करीब तीन करोड़ से अधिक बकाया हो गया है। जलसंस्थान की ओर से कराए गए सर्वे में सामने आया कि यह लोग कनेक्शन के दौरान दिए गए पते पर निवास नहीं करते हैं। अब विभाग इनकी खोज कर रहा है।
पिछले दिनों जलसंस्थान की ओर से कराए गए सर्वे में 500 लोग ऐसे सामने आए जिन्होंने सालों से पानी बिल जमा नहीं किया है। इन पर बकाया एक-एक लाख रुपये से ऊपर हो गया है। वसूली अभियान के दौरान पता चला कि इनमें से तमाम लोगों ने अपने मकान बेच दिए और जलसंस्थान का बिल तक चुकता नहीं किया है। विभाग को भी मकान बेचने की सूचना नहीं दी। अब विभाग इनको ढूंढ रहा है। इन पर जलसंस्थान का तीन करोड़ से ज्यादा का राजस्व फंसा हुआ है।
अधिशासी अभियंता संजीव कुमार के मुताबिक एजेंसी द्वारा सर्वे कराया गया है। जिन घरों के बिल जमा नहीं हैं, उनको नोटिस जारी किए गए हैं। जो लोग मकान बेचकर कहीं, चले गए हैं, अब उसको खरीदने वाले को बिल चुकाना होगा। इसके लिए नामांतरण की प्रक्रिया करके बिल जमा कराया जाएगा।