झांसी। जलनिगम के प्रबंध निदेशक ने कोरोना महामारी के दौरान कई अधिकारियों का स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर कर दिया है। इनमें एक अधिशासी अभियंता की शिकायत विधायक जवाहर लाल राजपूत ने नगर विकास मंत्री से कर रखी थी।
जलनिगम के निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता नरेंद्र वर्मा को लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। उनकी जगह सर्किल में कार्यरत सहायक अभियंता अंचल कुमार गुप्ता को पदोन्नत कर तैनात किया गया है। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने नरेंद्र वर्मा की शिकायत नगर विकास मंत्री से कर रखी थी। शिकायत में बताया था कि गुरसराय गरौठा पुनर्गठन पेयजल योजना में फर्जी भुगतान किया गया है। इसी तरह अतिरिक्त निर्माण इकाई में कार्यरत अधिशासी अभियंता अमित कुमार का गाजियाबाद स्थानांतरण कर दिया गया है। उनकी जगह उन्नाव से हिमांशु नेगी को पदोन्नत कर भेजा गया है। अमित कुमार को पेयजल महायोजना के दूसरे चरण का काम देख रहे थे। पंचम खंड में कार्यरत अधीक्षण अभियंता एसी दुबे का ट्रांसफर बांदा कर दिया गया है। उनकी जगह पदोन्नति पर फिरोजाबाद से राकेश कुमार को भेजा गया है। मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि प्रबंध निदेशक ने उक्त सभी का स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर किया है।