झांसी। रेलवे स्टेशन पर खुले ला फास्टा में अब जल्द स्वादिष्ट भोजन मिलना मुमकिन नहीं लग रहा है। रेलवे के बाद अब आईआरसीटीसी ने भी लाइसेंस फीस जमा न करने पर सोमवार की रात से ला फास्टा पर ताला लगवा दिया।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने झांसी रेलवे स्टेशन पर ला फास्टा फूड प्लाजा खोलने का लाइसेंस मुंबई की सनसाइन कैटरर्स को दे रखा है। आईआरसीटीसी ने प्रति वर्ष 54 लाख रुपये लाइसेंस फीस तय कर रखी है। मगर, पिछले लंबे समय से कंपनी द्वारा 38 लाख 33 हजार 649 रुपये बकाया जमा नहीं करने पर आईआरसीटीसी के रीजनल डायरेक्टर (वेस्ट जोन) वीरेंद्र सिंह के निर्देश पर आठ मई को ला फास्टा बंद करा दिया गया था।
कंपनी द्वारा कुछ लाइसेंस फीस जमा करने पर ला फास्टा को खोलने की अनुमति दे दी गई। इसके बाद 27 अगस्त को ला फास्टा का दोबारा संचालन शुरू हो गया। पिछले दिनों मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान ला फास्टा में रेल नीर की जगह दूसरी कंपनी की बोतलेें बिकती पाए जाने पर दस हजार रुपये जुर्माना जमा कराके ला फास्टा बंद करा दिया था। इस दौरान कंपनी ने रेलवे को पानी, बिजली के बकाया बिल करीब पांच लाख रुपये का चेक दिया, मगर वह चेक बाउंस हो गया। इस पर ला फास्टा नहीं खुल सका।
इधर, सोमवार को आईआरसीटीसी अफसरों ने उक्त कंपनी द्वारा लाइसेंस फीस की बकाया राशि जमा न करने पर ला फास्टा पर ताले लगाने के निर्देश जारी कर दिए। मुंबई से मैनेजर उमेश नायडू द्वारा भेजे गए मेल के उपरांत स्थानीय सुपरवाइजरों ने ला फास्टा पर अपना ताला लगा दिया।
मालूम हो कि, ला फास्टा पर यात्रियों को लजीज व स्वादिष्ट भोजन व फास्ट फूड मिलते थे। मगर इन दिनों ला फास्टा बंद होने से उच्च वर्ग के यात्री भोजन के लिए इधर- उधर परेशान घूमते नजर आते हैं।
उधारी के लिए चक्कर लगा रहे लोग
फूड प्लाजा को नगर के कई व्यापारियों ने खाद्य सामग्री उधार दे रखी थी। अचानक फूड प्लाजा बंद होने से अब लोग स्टेशन के चक्कर लगा रहे हैं।