झांसी। स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान बुंदेलखंड महाविद्यालय के बाहर हुए बवाल के बाद पुलिसकर्मियों के साथ हुई धक्का-मुक्की के मामले में आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर ने एसएसपी से खुद को मामले में गवाह बनाने की मांग की। एसएसपी को घटना का वीडियो भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को इलाहाबाद - झांसी खंड स्नातक चुनाव की मतगणना के दौरान काउंटिंग स्थल बुंदेलखंड महाविद्यालय के बाहर खासा बवाल हुआ था। मतगणना स्थल पर प्रवेश को लेकर भाजपाई और पुलिस वाले आमने-सामने आ गए थे। महाविद्यालय के गेट नंबर दो से अंदर जबरन प्रवेश को लेकर हंगामा बढ़ गया था। भीड़ को अंदर जाने से रोकने के लिए सभी ने सिपाही के साथ मारपीट कर धक्का मुक्की कर दी थी। इस मामले में इलाइट चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार की तहरीर पर 30 से 40 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। उन्होंने एसएसपी को 56 सेकेंड का वीडियो भी भेजा है। जिसमें धक्का देने वाले व्यक्ति को सभी जानते हैं। ऐसे में अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराया जाना सही नहीं है।