झांसी। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में प्रवेश के नाम पर पैसे लेने के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को जांच समिति ने सभी पक्षों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया। शिकायतकर्ता समेत तीन लोगों ने पक्षा रखा, जबकि आरोपी ने सोमवार तक का समय मांगा है।
बीयू में बीएससी एग्रीकल्चर साइंस में प्रवेश दिलाने के लिए एक छात्र संगठन के नेता पर पैसे लेने के आरोप लगे हैं। दूसरे छात्र संगठन एबीवीपी के बीयू इकाई अध्यक्ष समरेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की है। समरेंद्र ने आरोप लगाया कि एग्रीकल्चर साइंस में प्रवेश दिलाने के नाम पर दूसरे संगठन के छात्र नेता ने 60 हजार रुपये एक छात्र से लिए हैं। छात्र का प्रवेश तो हुआ नहीं, उल्टा पैसे खा लिए गए। शिकायत के बाद बीयू ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी। जांच अधिकारी प्रॉक्टर प्रो. आरके सैनी ने बताया कि शिकायतकर्ता, पीड़ित छात्र और माध्यम बने एक युवक ने अपना पक्ष रख दिया है। जिस छात्रनेता पर पैसे लेने के आरोप लगे हैं, उसने लिखित बयान देने के लिए सोमवार तक का समय मांगा है। दोनों पक्षों के बयान आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।