मेडिकल कॉलेज में कर्मचारी की पिटाई के कारण हुई हड़ताल में बंद किए गए काउंटर व पर्चा बनबाने व जांच?
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में ओपीडी काउंटर पर कर्मचारी और एमबीबीएस इंटर्न के बीच विवाद हो गया। कर्मचारी का आरोप है कि कुछ देर बाद साथियों के साथ आए इंटर्न ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसके विरोध में ओपीडी काउंटर के सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। पुलिस चौकी में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
शनिवार की सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज में एक इंटर्न पर्चा बनवाने के लिए ओपीडी काउंटर पर पहुंचा। इंटर्न जल्द पर्चा बनाने की बात कहने लगा। बाद में उसने अपना परिचय दिया तो काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने स्टाफ खिड़की पर आकर पर्चा बनवाने की बात कही। कर्मचारी का कहना है कि पर्चा बन भी गया मगर कुछ देर बाद इंटर्न अपने चार-पांच साथियों के साथ वापस पर्चा काउंटर पर पहुंचा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इंटर्न के साथियों ने भी कर्मचारी को पीटा। बीच-बचाव करने आए दूसरे कर्मचारियों के साथ भी इंटर्न और उसके साथियों ने गाली-गलौज की। घटना के विरोध में ओपीडी काउंटर पर तैनात कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। इससे पर्चा बनने बंद हो गए और मरीजों को लौटना पड़ा। मामले की शिकायत मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस से की गई है। कर्मचारी आरोपी इंटर्न के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं, इंटर्न की तरफ से भी कर्मचारी के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए प्रार्थनापत्र दे दिया गया है।
पेशबंदी में कराया मेडिको लीगल
पीड़ित कर्मचारी का आरोप है कि उसके साथ मारपीट हुई है तो फिर इंटर्न का मेडिको लीगल कैसे बन गया? उसने इस मामले की भी जांच कराकर झूठा मेडिको लीगल बनाने के मामले में भी कार्रवाई की मांग की है।
एमबीबीएस इंटर्न पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कर्मचारी की तरफ से प्रार्थनापत्र भेजा गया है। इस मामले में कार्रवाई के लिए प्रार्थनापत्र प्राचार्य को भेज दिया गया है। - डॉ. सुनीता राठौर, प्रमुख अधीक्षक।