इटावा-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी इंटरसिटी से सोमवार सुबह ऊंट टकरा गया। गाड़ी के इंजन का एंगल सहित प्रेसर पाइप उखड़ गया। ट्रेन चालक ने किसी प्रकार गाड़ी को सोनागिर स्टेशन तक पहुंचाया। इंजन फेल होने के कारण दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को झांसी लाया गया। गाड़ी करीब ढाई घंटे की देरी से झांसी पहुंची।
इटावा से चलकर झांसी की ओर आने वाली इटावा-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी इंटरसिटी एक्सप्रेस (11904) सुबह 8:49 बजे डबरा स्टेशन से झांसी के लिए रवाना हुई। गाड़ी डबरा व कोटरा स्टेशन के बीच चल रही थी, तभी पटरी पर घूम रहे ऊंट से गाड़ी टकरा गई। चालक ने 8:55 बजे गाड़ी को रोककर इंजन की जांच की। इंजन के नीचे लगा गाड़ी का प्रेसर पाइप क्षतिग्रस्त हो गया था। किसी प्रकार चालक गाड़ी को लेकर 9:22 बजे सोनागिर स्टेशन पहुंचा। लेकिन इंजन फेल होने के कारण गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी। इसकी सूचना कंट्रोल रूम सहित अफसरों को दी गई। कंट्रोल रूम ने मौके पर नया इंजन भेजकर गाड़ी को 11:21 बजे सोनागिर से रवाना कराया।