कचहरी की हवालात से भागे पांच शातिर कैदियों के मामले में नवाबाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक दरोगा और तीन सिपाहियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, फरार कैदियों की तलाश में पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया है। टीमों ने संभावित ठिकानों पर छापे मारकर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
बुधवार को गैंगेस्टर, हत्या और अपहरण की वारदातों के आरोपी सीपरी बाजार के रोनीजा निवासी सूरज अहिरवार, बबीना के सरवा गांव निवासी होशियार सिंह, बड़ागांव के मलियाना निवासी रिंकू रायकवार, भिंड के रौन थानांतर्गत गांव बगियापुरा निवासी केशव पंडित और इटावा के बखेर गांव निवासी योगेंद्र सिंह प्लानिंग करके कचहरी की हवालात से भाग गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद के आदेश पर देर रात भागे कैदियों के साथ-साथ दरोगा राकेश कुमार पांडेय, सिपाही नवल किशोर, राकेश कुमार व राकेश बाबू के खिलाफ नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे पुलिस ने चारों पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
वहीं, भागे शातिर कैदियों की तलाश में एसएसपी ने स्वॉट टीम के साथ-साथ पांच पुलिस की टीमों को लगाया है। तीन टीमों ने बृहस्पतिवार को करीब एक दर्जन स्थानों पर छापे मारे, मगर कोई नहीं मिला। दो टीमों को बाहर भेजा गया है। सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने कैदियों के संबंधियों और परिचितों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।