नगर निगम के अधिकारियों के साथ मेडिकल कालेज के पास भ्रमण करते जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी। साथ मे?
- फोटो : REPORTERS
झांसी। बुधवार को जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने शहर का भ्रमण कर सड़कों के किनारे हरित पट्टी और बीच में डिवाइडर निर्माण की संभावनाओं को टटोला। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के पास डीएम ने एक निजी अस्पताल के कर्मचारी को मेडिकल कचरा फेंकते हुए पकड़ा। साथ ही पॉलिथीन पाउच में पानी की बिक्री होते पाए जाने पर गहरा असंतोष जताया।
जिलाधिकारी नगर निगम की टीम के साथ बीकेडी चौराहे से हवाई पट्टी, यहां से बालाजी रोड और फिर यहां से मेडिकल कालेज बाईपास तिराहे पर पहुंचे। यहां से वे टीम के साथ पैदल मेडिकल कालेज की ओर बढ़े। मेडिकल के गेट नंबर तीन के पास एक निजी अस्पताल का सफाई कर्मचारी सड़क किनारे मेडिकल वेस्ट फेंकते हुए मिला। इस पर नगर निगम की टीम ने तत्काल कर्मचारी से अस्पताल का ब्योरा लिया। अस्पताल का चालान काटा जाएगा। वहीं, मेडिकल कालेज के गेट के पास दुकानों पर पॉलिथीन पाउच में पानी की बिक्री होती पाई गई। दुकानों के आसपास भारी संख्या में पाउच फैले हुए थे। इस स्थिति पर डीएम ने गहरा असंतोष जताया। उन्होंने नगर निगम से इसकी जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। मेडिकल के पास सर्विस लेन, पार्किंग के लिए जमीन देखी गई। इसके अलावा शहर की अन्य सड़कों पर भी बीच में डिवाइडर और किनारों पर हरित पट्टिका बनाने की संभावनाएं देखीं।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, नगर निगम के मुख्य अभियंता एलएन सिंह मौजूद रहे।