झांसी। मंडल में हुए ग्रामीण विकास की हकीकत जानने के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन पांच फरवरी को आएंगे। वह सबसे पहले ललितपुर जाकर विभिन्न ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे, तदोपरांत झांसी आकर मंडल के तीनों जिले झांसी, ललितपुर व जालौन के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
प्रमुख स्टाफ आफीसर आलोक कुमार ने मंडलायुक्त कार्यालय को भेजे कार्यक्रम के अनुसार मुख्य सचिव पांच फरवरी को सुबह दस बजे हैलीकाप्टर से ललितपुर पहुंचकर वहां के चिह्नित ग्रामों का निरीक्षण कर जनसामान्य से वार्ता करेंगे। यह गांव कौन से होंगे यह उसी समय तय किया जाएगा। पूर्वाह्न 11 जिला मुख्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे।
पूर्वाह्न 11.15 बजे वह जनपद के जनप्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे। दोपहर 12 बजे ललितपुर से झांसी के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12.30 बजे झांसी आगमन के बाद वह यहां के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याएं जानेंगे। दोपहर एक से दो बजे तक का समय लंच व आराम के लिए आरक्षित किया गया है।
दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक वह विकास भवन सभागार में मंडल के सभी अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। शाम चार बजे वह हैलीकाप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने मंडल के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि तय कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक तैयारियां व समस्त व्यवस्थाएं करना सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव वर्ष 2012-13 से चयनित डा. राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना के ग्रामों के साथ विभिन्न गांवों में नाली, संपर्क मार्ग, लोहिया आवास, इंदिरा आवास, मनरेगा, पेंशन, कौशल विकास, आजीविका मिशन, शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण आदि कार्यों की समीक्षा करेंगे।
आठ प्रमुख सचिव भी आएंगे
मुख्य सचिव के साथ समीक्षा बैठक में आठ विभागों के प्रमुख सचिव भी आएंगे। बैठक में गृह, ऊर्जा, ग्राम्य विकास, पशुधन, कृषि, सिंचाई एवं जल संसाधन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव शामिल होंगे।
पहले आ सकते हैं प्रमुख सचिव
मुख्य सचिव के दौरे से एक या दो दिन पूर्व मंडल के जिलों में विकास की स्थिति की थाह लेने के लिए विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव आ सकते हैं। यह प्रमुख सचिव विभिन्न गांवों में जाकर उनकी स्थिति का जायजा ले सकते हैं। हालांकि, अभी ऐसा कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, लेकिन संभावनाओं के चलते अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है।