झांसी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने बड़ा फेरबदल कर झांसी- ललितपुर परिक्षेत्र के सर्किल ऑफिस को आगरा कार्यालय से जोड़ दिया है। इस व्यवस्था परिवर्तन के बाद अब 15 लाख से अधिक आय वाले करदाताओं के मामलों का निरस्तारण आगरा से होगा। डिप्टी कमिश्नर का पद भी समाप्त कर दिया गया है। साथ ही कर निर्धारण के वार्डों की संख्या भी कम कर दी गई है।
झांसी- ललितपुर परिक्षेत्र में एक लाख से अधिक करदाता हैं। अभी तक इन करदाताओं के कर निर्धारण व अन्य मामलों को निपटाने के लिए पांच वार्ड व एक सर्किल बनाए थे। इसमें वार्ड एक में ए से एल अक्षर तक (के को छोड़कर), वार्ड दो में एम, एन, ओ, पी, क्यू व आर अक्षर वाले, वार्ड तीन में के से जेड अक्षर वाले, वार्ड चार में ललितपुर व वार्ड पांच में मऊरानीपुर के करदाता आते थे। टीडीएस के लिए वार्ड था। सर्किल में तैनात डिप्टी कमिश्नर 15 लाख से अधिक आय वाले करदाताओं के मामलों का निस्तारण करते थे।
मगर पीएम मोदी द्वारा 13 अगस्त से फेसलेस स्कीम लागू किए जाने के बाद से आयकर विभाग में कई परिवर्तन शुरू हो गए हैं। झांसी कार्यालय में डिप्टी कमिश्नर का पद समाप्त कर दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर द्वारा देखे जाने वाले मामलों का निस्तारण अब आगरा कार्यालय से होगा। डिप्टी कमिश्नर अरुण भाटिया की पदोन्नति ज्वाइंट कमिश्नर के पद पर होने के बाद यह परिवर्तन किया गया। इसी तरह वार्ड एक के साथ तीन और वार्ड पांच में दो को शामिल कर दिया गया है। वार्ड दो व वार्ड तीन को सत्यापन शाखा बना दिया गया है। इन शाखाओं में फेसलेस स्कीम के तहत आने वाले स्क्रूटनी के मामलों को देखा जाएगा।
15 लाख से कम आय वाले 22 हजार करदाता
झांसी- ललितपुर परिक्षेत्र में एक लाख से अधिक करदाता हैं। दस लाख से अधिक और पंद्रह लाख से कम आय वाले 22 हजार करदाता हैं।
अभी ये अधिकारी हैं तैनात
वार्ड एक में आयकर अधिकारी एसपी सिंह, वार्ड दो व तीन में लक्ष्मी मंगतानी, वार्ड तीन में आरएन वर्मा, वार्ड चार में जितेंद्र सिंह व टीडीएस में सुनील द्विवेदी कार्यरत हैं।