झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण के नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार द्वारा लागू किया गया 21 दिन का लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म होने जा रहा है। लेकिन, जिले के विधायकों का मानना है कि ये अभी और बढ़ना चाहिए। जब तक कोरोना के नये मरीज मिलना बंद नहीं हो जाते, तब तक इसे लागू रखना चाहिए। हालांकि, वे कृषि क्षेत्र में इसमें रियायत दिए जाने के पक्ष में हैं। उनका कहना है कि किसानों को उनकी उपज बेचने का मौका दिया जाए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे, इसका ध्यान रखा जाए।
लॉकडाउन की वजह से कोरोना वायरस के संक्रमण काफी हद तक नियंत्रित हुआ है। लेकिन, खतरा पूरी तरह से टला नहीं है। ऐसे में अभी इसे खत्म नहीं किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री को भी ट्वीटर पर ये सुझाव दिया है। उम्मीद है कि सरकार अभी लॉकडाउन खत्म नहीं करेगी।
- रवि शर्मा, नगर विधायक
लॉकडाउन बढ़ना अभी जरूरी है। लेकिन, किसानों को उपज बेचने के लिए इसमें रियायत दी जानी चाहिए। क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ा दी जाए। साथ ही किसानों को टोकन जारी कर दिए जाएं, जिससे वे निर्धारित तिथि पर तय केंद्र पर उपज बेचने पहुंचे। इससे सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहेगी।
- राजीव सिंह पारीछा, विधायक - बबीना
लॉकडाउन खत्म करने का अभी ये ठीक समय नहीं है। इसकी मियाद बढ़ाई जानी चाहिए। किसानों को जरूर इसमें रियायत देनी चाहिए। उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए सहूलियत मुहैया कराई जानी चाहिए। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए।
- जवाहर सिंह राजपूत, विधायक - गरौठा
अभी यदि लॉकडाउन खत्म कर दिया गया तो अब तक की सारी कोशिशें बेकार चली जाएंगी। इसलिए बेहतर होगा कि इसकी मियाद बढ़ाई जाए। आम जनमानस को परेशानी न हो, इसके लिए सरकार की ओर से सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। इसका असर भी नजर आने लगा है।
- बिहारी लाल आर्य, विधायक - मऊरानीपुर
आम जनमानस भी है पक्ष में
लॉकडाउन के पक्ष में केवल विधायक ही नहीं, बल्कि आम जनमानस भी है। लोगों का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से कुछ समस्याएं जरूर सामने आ रही हैं, लेकिन जिंदगी सबसे बड़ी है। एक बार कोरोना से हम सब मिलकर जंग जीत लें तो स्थितियां सामान्य होने में देर नहीं लगेगी। कोरोना से बचाव का सबसे बड़ा विकल्प सामाजिक दूरी है और ये तब ही रह पाएगी, जब सब अपने-अपने घरों में रहेंगे।
लॉकडाउन की वजह से परेशानी तो हो रही है, परंतु ये समस्याएं जिंदगी से बड़ी नहीं हैं। इसलिए अभी लॉकडाउन बढ़ाया जाना चाहिए।
- आशा गुप्ता, पानी वाली धर्मशाला के पास
कोरोना वायरस को लेकर अभी स्थितियां सामान्य नहीं हुईं हैं। ऐसे में अभी लॉकडाउन खत्म करने का सही वक्त नहीं आया है। इसे दो हफ्ते तो बढ़ाना ही चाहिए।
- ज्योति डेंगरे, वासुदेव मुहल्ला
लॉकडाउन की वजह से कोरोना वायरस का खतरा कम जरूर हुआ है, परंतु ये अभी पूरी तरह से टला नहीं है। ऐसे भी अभी लॉकडाउन बरकरार रखा जाना चाहिए।
- अतिन साहू, सिविल लाइन
लॉकडाउन की वजह से हृदय, किडनी आदि के रोगियों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। इनके लिए व्यवस्थाएं बनाकर लॉकडाउन अभी जारी रखा जाना चाहिए।
- ओमशरण कुशवाहा, इलाइट चौराहा