झांसी। अमर उजाला की मुहिम के बाद नवीन सब्जी मंडी परिसर में मंडी प्रशासन ने आलू, प्याज और टमाटर के सस्ते स्टॉल लगाए हैं। इससे एक बड़ी आबादी को राहत मिली है। वहीं, अब सीपरी बाजार, नंदनपुरा, आवास विकास, अयोध्यापुरी समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर भी ऐसे ही स्टॉल लगाने की मांग की है। ताकि, मंडी तक की भागदौड़ बच सके। लोगों का कहना है कि मंडी के अधिकारियों की तरह ही जिला प्रशासन को भी इसकी पहल करनी चाहिए।
ये बोली जनता
..................
मंडी परिसर की तरह ही सार्वजनिक स्थानों पर भी सस्ती सब्जियों के स्टॉल लगने चाहिए। हर कोई मंडी तक की भागदौड़ नहीं कर सकता है। - कुसुम पांडे, दतिया गेट।
मंडी के अधिकारियों की तर्ज पर ही जिला प्रशासन को भी सस्ती सब्जियों के स्टॉल लगवाने चाहिए। इससे आमजन को काफी राहत मिल सकेगी। - राजकुमार, नगरा।
मंडी को छोड़कर जिले भर में काफी महंगी दरों पर सब्जियों की बिक्री की जा रही है। जिला प्रशासन का सुस्त रवैया इसके लिए जिम्मेदार है। - सुमन माहौर, नौनागढ़।
शहर के प्रमुख स्थानों पर जिला प्रशासन को महंगी बिक रही सब्जियों की बिक्री के लिए सस्ती स्टॉल लगवाने चाहिए। इससे बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। - सपना, प्रेमनगर।
नंदनपुरा से मंडी काफी दूर है। ऐसे में बार-बार वहां की दौड़भाग नहीं हो सकती है। ऐसे में सीपरी बाजार क्षेत्र में तो सब्जी का सस्ता स्टॉल लगना ही चाहिए। - रोशनी, नंदनपुरा।
रोजाना खाई जाने वाली सब्जियों की दरें इतनी महंगी हो गई हैं कि सोच-समझकर खरीदनी पड़ती है। सस्ती स्टॉल प्रमुख चौराहों पर लगेंगे तो राहत मिलेगी। - मिथलेश गोयल, ताज कंपाउंड।