अवैध शराब के अड्डों पर हुई ताबड़तोड़ छापामारी
झांसी। अवैध शराब के कारोबारियों पर मई माह भारी गुजरा। एक माह के दौरान छह सौ स्थानों पर छापामारी की गई। 55 मुकदमे दर्ज कर 14 आरोपियों को जेल भेजा गया।
अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी आंद्रा वामसी के निर्देश पर आबकारी विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान 4,177 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा अड्डों से शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाला 19,500 किलोग्राम लहन बरामद किया गया, जिसे नष्ट कर दिया गया। इससे अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप रहा।
जिलाधिकारी ने टीमों को निर्देश दिए हैं कि वे क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें। जहां शराब बनाई जा रही है या भंडारण किया जा रहा है, वहां लगातार दबिश दें। ढाबों की लगातार चेकिंग की जाए। आबकारी विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी दशा में अवैध शराब की जिले में बिक्री न होने पाए।