झांसी। पाइपलाइन डालने के लिए अभी बिना सूचना के ही सड़कों को खोद दिया जाता है। सड़कें खुद जाने के बाद काफी दिनों तक यूं ही पड़ी रहती हैं। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। अब जहां पर भी जलनिगम को पाइप लाइन डालनी होगी, उस सड़क को खोदने से पहले लोक निर्माण विभाग को सूचना देनी होगी। यदि ऐसा नहीं किया गया तो जलनिगम को जुर्माना भरना पडे़गा।
हर घर नल योजना के अंतर्गत जिले भर में पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। यह कार्य जलनिगम कर रहा है। महानगर में पेयजल महायोजना के अंतर्गत पाइप लाइन डाली जा रही है। इलाइट चौराहा से पुलिस लाइन तक पाइप लाइन डाली जा चुकी है। लेकिन लाइन डालने के बाद सड़क खुदी पड़ी है। कमोवेश यही स्थिति अन्य स्थानों की है। समय पर सड़क न सुधरने से लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता है। लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने इसे संज्ञान में लिया है। उन्होंने जल निगम को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण अथवा शहरी क्षेत्र में जहां पर भी पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोदनी है, सड़कों की सूची तैयार कर लोक निर्माण विभाग को दी जाए। सड़क को खोदने के बाद उसे तत्काल दुरुस्त कराएं। यदि इसमें लापरवाही बरती जाती है तो इसे सरकारी क्षति मानकर जलनिगम से रिकवरी की जाएगी।