पत्रकारों को जानकारी देते पिछड़ा वर्ग आयोग को उपाध्यक्ष हीरा ठाकूर। अमर उजाला
झांसी। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) हीरा ठाकुर ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारें पिछड़ा वर्ग के लिए कई लाभकारी योजनाएं संचालित कर रहीं हैं। मगर जिले के अफसर उनका क्रियान्वयन गंभीरता से नहीं करा रहे हैं। पिछड़ा वर्ग के लोगों को कोई भी समस्या हो, वे उन तक शिकायत पहुंचाएं, निस्तारण होगा। यह बात उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कही। वह बृहस्पतिवार को पिछड़ा वर्ग की लाभकारी योजनाओं की समीक्षा करने झांसी आए थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक दर्जा दे रखा है। पिछले साल आयोग के पास 450 प्रकरण पहुंचे। इन प्रकरणों में पिछड़े वर्ग से जुड़े लोगों की मुआवजा, जमीन, नौकरी, पदोन्नति, बोनस, भत्ता आदि से जुड़ी समस्याएं थीं, जिनमें 387 का निरस्तारण किया गया। इनमें बुंदेलखंड के 50 मामले शामिल थे। पिछड़ा वर्ग के लोग अपनी शिकायत राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग तृतीय तल इंदिरा भवन अशोक मार्ग लखनऊ के पते पर रजिस्टर्ड डाक, कंट्रोल नंबर 0522-2287076 पर सीधे या फैक्स नंबर 0522-2287215 पर भेज सकते हैं। आयोग ने छात्रों को वजीफा, लड़कियों की शादी, कंप्यूटर शिक्षा का लाभ भी दे रखा है। इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी से संपर्क कर लिया जा सकता है।