झांसी। जिले में कोरोना वायरस तेजी से पांव पसारता जा रहा है। बृहस्पतिवार को झांसी विकास प्राधिकरण के सचिव समेत चार लोग वायरस से संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही झांसी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 122 पहुंच गई है।
सचिव को सप्ताह भर से बुखार व खांसी की शिकायत थी। ट्रैवल हिस्ट्री में इलाहाबाद से लौटने की बात सामने आई है। जेडीए कार्यालय को तीन दिन तक बंद कर दिया गया है। वहीं, बीकेडी चौराहे के पास निवासी 34 वर्षीय युवक में भी कोरोना संक्रमण पाया गया है। वह कोटक महिंद्रा बैंक में पॉजिटिव मिले कैशियर के संपर्क में आया था। इसके अलावा उनाव गेट बाहर निवासी 27 वर्षीय युवक और आंतिया तालाब के पास रहने वाले 60 वर्षीय वृद्ध में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। वहीं ट्रू नेट जांच में अंदर सैंयर गेट कुष्टयाना निवासी दंपती कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 45 वर्षीय पति चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। अब इनका सैंपल मेडिकल कॉलेज की कोविड लैब में आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा जाएगा। मौजूदा समय में अब 44 एक्टिव केस हैं।