- सरकारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सर्दी से बचाव के लिए अपर निदेशक ने जारी किए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शासन ने सर्दी के चलते अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज में रोगियों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने वार्डों में रूम हीटर, वार्मर व कंबल की व्यवस्था, विश्राम गृह व रैन बसेरों में समुचित इंतजाम करने की बात कही। अपर निदेशक स्वास्थ्य ने शासन के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट कहा कि व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण होगा। खामी मिलने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुमन ने बताया कि प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि सर्दी में अनेक प्रकार के रोगों की संभावना बढ़ जाती है। ह्रदय रोगियों, श्वसन तंत्र रोगियों, वृद्ध व नवजात शिशुओं को सावधान रहने की आवश्यकता है। इसके चलते सभी स्तर के अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में रोगियों और तीमारदारों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाए। दरवाजे, खिड़कियों आदि सही कराए जाएं ताकि ठंडी हवा नहीं आ सके। तीमारदारों के लिए विश्राम गृह व रैन बसेरों की व्यवस्था कर रूम हीटर, वार्मर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी के लिए कंबल की व्यवस्था होनी चाहिए।
0- तीन बार टीम के साथ करेंगे निरीक्षण
झांसी। सभी चिकित्सालय के प्रभारी एक टीम गठित करेंगे, जो रात आठ बजे, रात 11 बजे और सुबह सात बजे रोस्टर बनाकर स्वयं और टीम के सदस्यों के साथ निरीक्षण करेंगे। यह भी सुनिश्चित करेंगे कि सर्दी की वजह से किसी रोगी अथवा तीमारदार को दिक्कत तो नहीं हुई।
0- नहीं प्रयोग होगा कॉयल बेस्ड हीटर
अस्पताल व रैन बसेरा में केवल हेलोजन हीटर अथवा वार्मर ही प्रयोग किया जाएगा। आग लगने की आशंका के चलते कॉयल बेस्ड हीटर का प्रयोग नहीं होगा।
0- वर्जन
सीएमओ, अस्पतालों के प्रभारी व मेडिकल कॉलेज प्रशासन को वार्डों में रोगियों और रैन बसेरा में तीमारदारों के लिए समुचित व्यवस्था रखने के आदेश दिए हैं। चिकित्सालय के प्रभारियों से कहा गया कि वह रोजाना तीन बार निरीक्षण करके व्यवस्थाएं देखेंगे। यदि कहीं व्यवस्था में खामी मिलेगी तो जिम्मेदार से जवाब-तलब करके कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. सुमन, अपर निदेशक स्वास्थ्य