झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में कोविड अस्पताल के आईसीयू फुल हो गए हैं। संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया जाने वाला आईसीयू भी मरीजों से पूरी तरह भर गया है। ऐसे में नए मरीजों को भर्ती करने का संकट खड़ा हो गया है।
मेडिकल कॉलेज में कोविड पॉजिटिव और गंभीर संदिग्ध मरीजों के लिए भी अलग-अलग आईसीयू बने हुए हैं। संदिग्ध आईसीयू में उन गंभीर मरीजों को रखा जाता है, जिनकी कोरोना की रिपोर्ट नहीं आई होती है। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाता है। आईसीयू के सभी बेड भरे होने की वजह से नए मरीजों को भर्ती करने में काफी समस्या आ रही है। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को संदिग्ध आईसीयू में भर्ती होने के लिए एक मरीज आया तो जगह न होने पर उसे भर्ती करने को लेकर डॉक्टरों में काफी माथापच्ची चलती रही। कभी उसे रेलवे अस्पताल रेफर करने पर विचार चलता रहा तो कभी जिला अस्पताल। इससे मरीज को भर्ती होने में इंतजार करना पड़ा।
सिर्फ 19 गंभीर तो कैसे भरे हैं वार्ड?
कॉलेज की तरफ से जारी कोविड रिपोर्ट में सिर्फ 19 कोरोना के गंभीर मरीज होने की बात लिखी गई है। ऐसे में सवाल यह उठा रहा है कि इतने कम गंभीर मरीज हैं तो आईसीयू फुल कैसे हो गए? वहीं, चर्चा इस बात की भी है कि मरीजों की हालत सुधरने के बाद सामान्य वार्ड में भर्ती करने में देरी हो रही है।