झांसी। हम आकाशवाणी केंद्र से बोल रहे हैं। कोरोना संक्रमण के चलते बंद हुई यह आवाज एक जुलाई से फिर से आपको सुनाई देगी। अब संक्रमण की रफ्तार कम होते ही आकाशवाणी कार्यक्रमों का प्रसारण फिर से शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैैं।
ऑल इंडिया रेडियो पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम लोगोें की पहली पसंद बने हुए हैं। जिसके चलते श्रोताओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के श्रोता आकाशवाणी कार्यक्रमों को अधिकतर सुनते हैं। ऑल इंडिया रेडियो पर भक्ति संगीत, वंदना, हिंदी व अंग्रेजी समाचार, बुंदेली लोक गीत, युवा वाणी, किसान वाणी, नारी जगत, महिला मंडल, फिल्मी संगीत, शास्त्रीय संगीत सहित कई क्षेत्रीय कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाता है। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज होते ही दो मई से झांसी केंद्र से कार्यक्रमों का प्रसारण बंद कर दिया गया था। इससे क्षेत्रीय कार्यक्रम नहीं सुन पाने से श्रोताओं में मायूसी थी। अब संक्रमण कम होते ही झांसी केंद्र से प्रसारण की तैयारियां शुरू कर दी गईं है। निदेशालय के आदेशानुसार एक जुलाई से प्रसारण शुरू कर दिया जाएगा। आकाशवाणी केंद्र के स्टेशन प्रबंधक कुंज बिहारी ने बताया कि एक जुलाई से झांसी आकाशवाणी केंद्र से प्रसारण शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं।