झांसी। बुंदेलखंड राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस में प्रवेश के लिए 20 सीटें बढ़ सकती हैं। कॉलेज प्रशासन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। जल्द ही इसे केंद्रीय आयुष चिकित्सा परिषद (सीसीआईएम) को भेज दिया जाएगा। स्वीकृति के बाद कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़कर 60 हो जाएगी।
आयुर्वेदिक कॉलेज को सीसीआईएम की तरफ से हर साल प्रवेश की मान्यता दी जाती है। वैसे तो अभी कॉलेज में 40 सीटें हैं मगर सीसीआईएम ने 10 अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश की अनुमति दे रखी है। कॉलेज में मौलिक सिद्धांत, शरीर रचना, शरीर क्रिया, द्रव्य गुण, रस शास्त्र एवं वैशज्य कल्पना विज्ञान, रोग निदान, अगद तंत्र एवं व्यवहार आयुर्वेद समेत 14 विभाग हैं। सभी में हायर फैकल्टी होना अनिवार्य है। मगर काय चिकित्सा विभाग में दो हायर फैकल्टी की जरूरत पड़ती है, जिसमें एक प्रोफेसर होना अनिवार्य है। मौजूदा समय में कॉलेज में फैकल्टी की कमी नहीं है। इसी वजह से पिछले तीन सालों से लगातार मान्यता मिल रही है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन ने 40 की जगह 60 सीटें करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसे सीसीआईएम को भेजा जा रहा है। वहां से अनुमति मिलते ही 60 सीटों पर कॉलेज प्रवेश लेगा।
इतने शिक्षक हैं तैनात
पद संख्या
प्रोफेसर 3
एसोसिएट प्रोफेसर 8
असिस्टेंट प्रोफेसर 20
कॉलेज एक नजर में
कोर्स: बीएएमएस (स्नातक)
अवधि: चार साल
सीट: 50
फीस: 14500 (सामान्य) और 11500 (एससी/एसटी)
कॉलेज में अभी 40 सीटें हैं, मगर 10 अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश की अनुमति सीसीआईएम ने दे रखी है। अब 60 सीटें करने का प्रस्ताव सीसीआईएम को भेजा जा रहा है। उम्मीद है, प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी। यदि ऐसा होता है तो अगले सत्र से 60 सीटों पर प्रवेश होगा। - डॉ. केदारनाथ यादव, प्राचार्य, बुंदेलखंड राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज।