झांसी। पंचकुइयां निवासी युवक की जहर खाने से मौत हो गई। पत्नी ने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पत्नी का कहना है कि प्रॉपर्टी बेचने से मिले बीस लाख रुपये हड़पने के लिए उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली के पंचकुइयां निवासी अरुण कुमार (31) को हालत खराब होने पर महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि जहर खाने से अरुण की हालत खराब हुई। अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर उसकी पत्नी संतोषी भी वहां पहुंच गई। शुक्रवार सुबह अरुण की मौत हो गई। पत्नी संतोषी ने परिवार के लोगों पर जान बूझकर जहर खिलाने का आरोप लगाया। उसका कहना है अरुण को करीब पांच माह पहले हार्ट अटैक पड़ा था। काफी समय तक इसका इलाज चला। इलाज के बाद अरुण घर लौट आया। इलाज में काफी पैसे खर्च हो गए। पिछले महीने अरुण ने नगरा स्थित अपने घर को 20 लाख रुपये में बेच दिया। अरुण घर का इकलौता लड़का था। इस पैसे पर अन्य नातेदारों की निगाह थी। वह कुछ समय पहले अपने सदर बाजार स्थित मायके में रहने लगी। वहीं उसे अरुण के अचानक बीमार पड़ जाने की सूचना मिली। अस्पताल आने पर डॉक्टरों ने अरुण के जहर खाने की बात बताई।
मौत की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। उसने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। अरुण एवं उसकी पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आई है। विवाद की वजह से पत्नी साथ में नहीं रहती थी। पत्नी ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।