झांसी। तीन साल पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के उनाव गेट इलाके में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मध्य प्रदेश के शिवपुरी थाना करैरा अंतर्गत जुझारी गांव निवासी अशोक अहिरवार अपनी पत्नी सीमा के साथ कोतवाली के उनाव गेट में रहता था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। कहासुनी के बाद 1 अप्रैल 2018 को अशोक ने सीमा का गला दबाकर हत्या कर दी थी। पत्नी का शव घर में रखी बालू में छिपाकर भाग निकला था। पड़ोसियों से घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। लेकिन, आरोपी पकड़ नहीं जा सका था। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये इनाम भी घोषित कर दिया था। सोमवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेश शुक्ल, उनाव गेट चौकी प्रभारी चंदन पांडेय ने अंजनी माता मंदिर के पास से आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से गांजा भी बरामद हुआ।